Saturday 22 January 2022

ईरान में बॉक्सर को सजा-ए-मौत

ईरान में एक पहलवान के बाद अब बॉक्सर मोहम्मद जवाद (26) को मौत की सजा सुनाई गई है। उसका कसूर यह है कि उसने 2019 में ईरान में आर्थिक भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इससे पहले वहां सितम्बर 2020 में पहलवान नाविद अफकारी को फांसी की सजा दी गई थी। इजरायली अखबार यरुशलम पोस्ट के मुताबिक पत्रकार और मानवाधिकार कार्यकर्ता मसीह अलीनेजाद ने मोहम्मद जवाद को मिली सजा का खुलासा किया है। मसीह ने पहलवान नाविद अफकारी को बचाने के लिए अभियान चलाया था। उन्होंने ट्वीट कियाöईरान में एक और एथलीट को नवम्बर 2019 में प्रदर्शन करने के लिए मौत की सजा का ऐलान किया गया है। मोहम्मद जवाद बॉक्सिंग चैंपियन हैं। पहलवान अफकारी के मामले को लेकर सोशल मीडिया पर विशेष अभियान चलाया गया था। इसमें उसे और उसके भाई को 2018 में ईरान के शिया धर्मतंत्र के खिलाफ भाग लेने पर निशाना बनाने का आरोप लगाया गया था। प्रशासन ने अफकारी पर अशांति के दौरान मिराज में एक जलापूर्ति कंपनी के कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप भी लगाया था। अमेरिका के तत्कालीन विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने इस मृत्युदंड को कूरता बताया था। द सन की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान में हर साल करीब 250 लोगों को फांसी दी जाती है। वहां केन से लटका कर फांसी देने का चलन है। इसके अलावा कोड़े भी बरसाए जाते हैं। पहलवान नाविद अफकारी के लिए तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपील भी की थी, लेकिन ईरान ने इसे अनसुना कर दिया था।

No comments:

Post a Comment