Sunday 9 January 2022

बुल्ली बाई का मास्टर माइंड असम का बीटेक छात्र निकला

बुल्ली बाई ऐप के मास्टर माइंड और निर्माता नीरज बिश्नोई को असम के जोरहाट से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर पुलिस दिल्ली लेकर आई है। 21 वर्षीय इंजीनियरिंग के छात्र ने ऐप बनाने में अपनी भूमिका भी कबूल कर ली है। मुंबई पुलिस ने भी इस मामले में मुख्य आरोपी उत्तराखंड की श्वेता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस का दावा है कि श्वेता ने बुल्ली बाई नाम से ट्विटर पेज बनाया। बुल्ली बाई ऐप में सैकड़ों मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें नीलामी के लिए लगाई गई हैं। उधर नीरज को भी वेल्लोर इंस्टीट्यूट से निलंबित कर दिया गया है। भोपाल के वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टैक्नोलॉजी में बीटेक छात्र नीरज ने गिटहब पर बुल्ली बाई ऐप बनाया था। दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन और स्ट्रेटेजिक ऑपरेशन (आरएफएसओ) शाखा ने पुलिस के साथ 12 घंटे चले अभियान में नीरज को जोरहाट से गिरफ्तार किया। उसका लैपटॉप भी जब्त किया है। इसे प्रोमोट करने हेतु ट्विटर पर बुल्ली बाई अंडर स्कोरनाम से ट्विटर अकाउंट बनाया। फिर इसे सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा शेयर किया। पकड़े जाने के बाद पूछताछ में नीरज ने बताया है कि उसने गिटहब पर ऐप बनाने के बाद उसे सोशल मीडिया पर प्रोमोट करने के लिए प्रोपगेटर्स को दिया। जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से उसका प्रचार होने लगा। नीरज ने ऐसा क्यों किया और इसमें कौन-कौन शामिल है, इसका पता लगाया जा रहा है। उसके पास से मिले मोबाइल और लैपटॉप से पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ करने में जुटी है। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment