Monday 15 October 2012

और अब खुर्शीद दम्पति पर घपले का मामला, संप्रग की बढ़ती मुसीबतें



   Published on 15 October, 2012   

अनिल नरेन्द्र

 यूपीए सरकार के कानून मंत्री, प्रवक्ता सलमान खुर्शीद की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सबसे ज्यादा अफसोसजनक व चौंकाने वाली बात यह है कि अगर जो आरोप उन पर, उनकी पत्नी पर लग रहे हैं अगर वह सही हैं तो इससे बुरा और क्या हो सकता है कि कानून मंत्री होते हुए सलमान खुर्शीद खुद कानून तोड़ रहे हैं। जब खुद मंत्री ही कानून की धज्जियां उड़ाएं तो बाकियों का क्या हाल होगा, कल्पना करना मुश्किल नहीं। एक तरफ अरविन्द केजरीवाल सलमान खुर्शीद के इस्तीफे पर अड़े हैं तो दूसरी ओर सलमान खुर्शीद के ट्रस्ट के खिलाफ कुछ और नए खुलासे हुए हैं। अंग्रेजी के अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया ने खुलासा किया है कि जाली दस्तखत का इस्तेमाल कर विकलांगों के नाम पर 68 लाख रुपए और हासिल किए थे। अरविन्द केजरीवाल ने अब जहां खुर्शीद दम्पति की गिरफ्तारी की मांग कर डाली है वहीं खुर्शीद दम्पति पर लगे कथित घोटाले के इन आरोपों ने यूपीए सरकार की मुसीबतें  बढ़ा दी हैं। वैसे सियासी नजाकत को भांपते हुए ही यूपीए ने शनिवार को सरकार से लेकर पार्टी के स्तर पर बचाव का मोर्चा सम्भाला। लुईस खुर्शीद भी पति के बचाव में मीडिया से रूबरू हुईं। इस बीच उत्तर प्रदेश के 17 जिलों के विकलांगों की मदद के लिए केंद्र से मिले 71.5 लाख रुपए के घोटाले पर कैग की ड्राफ्ट रिपोर्ट होने की बात सामने आई है जिसमें गड़बड़ियों की आशंका और ब्याज समेत ट्रस्ट से पैसा वसूलने की बात कही गई है। हालांकि लुईस ने कैग की रिपोर्ट होने का दावा झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि हमने विकलांगों का पेट नहीं काटा है बल्कि 71.5 लाख के अलावा छह लाख रुपए अपनी तरफ से जुटाकर भी खर्च किए। इस बीच सलमान खुर्शीद रविवार को ब्रिटेन से लौट आए हैं। उन्होंने स्वदेश लौटने के बाद अरविन्द केजरीवाल के खिलाफ मुकदमे की धमकी दी है। लुईस भी केजरीवाल के खिलाफ मानहानि का मुकदमा ठोकने की घोषणा कर चुकी हैं। उनका यह भी दावा है कि ट्रस्ट पर अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर से रकम निकालने की एक टीवी चैनल के स्टिंग ऑपरेशन में कही गई बात गलत है और वे किसी भी जांच को तैयार हैं।  लुईस ने शुक्रवार को चैनल के खिलाफ सौ करोड़ रुपए की मानहानि का मुकदमा ठोंका। इन तमाम बातों के बीच टीम केजरीवाल ने इसे भ्रष्टाचार का गम्भीर मामला बताते हुए राजधानी की सड़कों पर गुरिल्ला आंदोलन जारी रखा। केजरीवाल ने कहा कि यह उच्चतम स्तर पर भ्रष्टाचार का संगीन मामला है जिसमें प्रभाव का इस्तेमाल किया गया है। केजरीवाल ने संप्रग सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए ट्विटर पर लिखा है, उठो और इस भ्रष्ट सरकार व भ्रष्ट शासन को उखाड़ फेंको। भगत सिंह ने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। सुभाष चन्द्र बोस ने अपना जीवन और कैरियर बलिदान कर दिया। आप क्या करने वाले हैं? सलमान खुर्शीद की लड़ाई बढ़ती जा रही है। आरोप-प्रत्यारोप का यह दौर आने वाले दिनों में और तेज होगा। सवाल यह है कि सच क्या है, यह कैसे साबित हो?

No comments:

Post a Comment