Translater

Sunday, 5 April 2020

पद्मश्री निर्मल सिंह की 30 घंटे में मौत

कोरोना वायरस से संक्रमित दरबार साहिब के पूर्व रागी पद्मश्री निर्मल सिंह खालसा (68) की गुरुवार सुबह मौत हो गई। तड़के 430 बजे उन्हें हार्ट अटैक आया और उन्होंने दम तोड़ दिया। आइसोलेशन के 30 घंटे बाद ही उनकी मौत हो गई। यह पंजाब में कोरोना से पांचवीं मौत है। उनके अंतिम संस्कार के लिए प्रशासन को खासी जद्दोजहद करनी पड़ी। दो शमशानघाट प्रबंधकों ने घनी आबादी का हवाला देकर अपने यहां संस्कार करने से इंकार कर दिया, जबकि तीसरे के गेट पर लोगों ने ताला जड़ दिया। 16 घंटे की मशक्कत के बाद कुछ लोगों की ओर से 12 किलोमीटर दूर खेतों में अंतिम संस्कार के लिए जमीन दी गई। तब जाकर शाम आठ बजे वेरका से थोड़ी दूर स्थित गांव फतेहगढ़ के एक खेत में उनका अंतिम संस्कार किया गया। वहीं वीरवार को लुधियाना और होशियारपुर में एक-एक पॉजिटिव केस आने से सूबे में संक्रमितों की संख्या 48 हो गई। वहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कार्डोलॉजिस्ट पद्मश्री डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि शव दहन से उठने वाली राख और धुएं से कोई खतरा नहीं है। अंतिम क्रियाओं के लिए मानव-भस्म को एकत्र करने में कोई खतरा नहीं है। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि खालसा का वेरका में अंतिम संस्कार रोकने की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी हरकत सिख पंथ की प्रसिद्ध हस्ती की मृतक देह का अपमान है। सीएम कैप्टन हस्तक्षेप करें और वह सुनिश्चित करें कि राज्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं होने की अनुमति न दी जाए। रागी निर्मल सिंह कुछ ही दिनों पहले विदेश से लौटे थे। उन्होंने सैकड़ों लोगों से मेलजोल किया। देखना होगा कि उनके करीब से सम्पर्प में आने वाली संगत कोरोना वायरस से संक्रमित तो नहीं हुई?

No comments:

Post a Comment