Tuesday 9 November 2021

जिनपिंग की तानाशाही

चीन में 27 वर्षीया महिला को महापुरुष के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के मामले में सात महीने की कैद की सजा सुनाई गई है। जु नाम की इस महिला ने कम्युनिस्ट पार्टी के नेता रहे डांग युनसई का मजाक उड़ाया था। चीन की स्कूली किताबों में युनसई को युद्ध नायक का दर्जा प्राप्त है। उनकी शहादत की वजह से 1949 में चीनी कम्युनिस्ट पार्टी को सत्ता मिली थी। दरअसल इस महिला को चीन के शहीदों और नायकों की बदनामी पर सजा देने वाले नए कानून के उल्लंघन के मामले में सजा हुई है। मार्च में इस कानून में संशोधन किया गया था। यह कानून राष्ट्रपति जिनपिंग के सख्त अभियान का हिस्सा है। इसका मकसद कम्युनिस्ट पार्टी के इतिहास और उनके नेताओं पर ऐतिहासिक बहसों पर लगाम लगाना है। चीन के साइबर स्पेस प्रशासन ने नागरिकों को कम्युनिस्ट पार्टी के महापुरुषों का अपमान या मजाक उड़ाने वाले लोगों के खिलाफ शिकायत करने के लिए ऑनलाइन व हॉटलाइन सेवा की भी शुरुआत की है। साथ ही प्रशासन ने 10 अफवाहों की एक सूची जारी की है, जिस पर सार्वजनिक तौर पर चर्चा के लिए मना किया गया है। इस सूची में कुछ अफवाहें ऐसी हैं, जैसे क्या माओसेसुंग का मार्च वास्तव में इतना लंबा नहीं था? क्या माओ के बेटे माओ एंनिग कोरिया युद्ध के दौरान अमेरिकी हमले में मारे गए थे, क्योंकि उन्होंने तला हुआ चावल बनाने के लिए एक स्टोव जलाया था, उसी समय अमेरिका ने हवाई हमला कर दिया था। बीजिंग के एक मुखर राजनीतिक विश्लेषक कहते हैंöयह एक पूर्ण राजनीतिक अधिनायकवाद की स्थापना का संकेत है। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment