Translater
Monday, 22 November 2021
थानाध्यक्ष ने जज को पीटा और पिस्तौल तान दी
बिहार के मधुबनी जिले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे)-प्रथम अविनाश कुमार के चैंबर में गत गुरुवार को घोघरडीहा थानाध्यक्ष गोपाल कृष्ण और एएसआई अभिमन्यु कुमार ने उन पर हमला कर दिया। उनके साथ हाथापाई की। हंगामे के बीच थानाध्यक्ष ने एडीजे पर पिस्तौल तान दी। चैंबर से शोर की आवाज आने के बाद कोर्ट परिसर (बरामदे) में मौजूद अधिवक्ता और कर्मियों ने दौड़कर थानाध्यक्ष के हाथ में से पिस्तौल छीनी तब जाकर स्थिति काबू में आई। आपाधापी में पुलिस के दोनों अधिकारियों और एडीजे के अलावा एक चतुर्थ वर्गीय कर्मी और कई अधिवक्ता घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिसर में मौजूद लोगों ने हमला करने वाले दोनों पुलिस अधिकारियों को कब्जा में ले लिया और उन्हें चैंबर में बंद कर दिया। भीड़ ने दोनों पुलिस अधिकारियों की भी पिटाई कर दी। देर शाम दोनों पुलिस अधिकारियों को हिरासत में ले लिया गया। पूरे मामले की जानकारी हाई कोर्ट को दे दी गई। विधिक सेवा समिति के समक्ष कुछ दिन पूर्व घोघरडीहा के चौलीरही गांव की महिला उषा देवी ने थानाध्यक्ष के द्वारा उन पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने को लेकर आवेदन किया था। जिस पर थानाध्यक्ष को कोर्ट ने बुधवार को तलब किया गया था। उस दिन वह उपस्थित नहीं हुए। गुरुवार दोपहर दो बजे के बाद आते ही थानाध्यक्ष और एएसआई एडीजे के कक्ष में घुसे और उनके साथ मारपीट की और पिस्तौल भी तान दी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment