Wednesday 17 November 2021

कांग्रेस के लिए अहम बने बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस की राजनीति में केंद्रबिंदु बनकर उभरने लगे हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा में सीनियर ऑब्जर्वर बनाए जाने के बाद यह साफ हो गया है कि कांग्रेस में बघेल की पूछ-परख काफी बढ़ गई है। वहीं अब उन्हें कद्दावर नेताओं की सूची में शुमार कर लिए जाने लगा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के इर्दगिर्द छत्तीसगढ़ की राजनीति घूमने लगी है। उत्तर प्रदेश चुनाव में कुर्मी वोटरों को सहेजने के साथ किसानों को भी रिझाने के लिए भूपेश बघेल को एक बड़ा चेहरा माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ में किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए चलाई गई योजनाओं के बाद इसे यूपी में भी दोहराने की तैयारी है। कांग्रेस संगठन का मानना है कि छत्तीसगढ़ में किसानों की आर्थिक मजबूती का मॉडल मुख्यमंत्री ही यूपी में बेहतर ढंग से समझा सकते हैं। यही वजह है कि उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का भी भरोसा बढ़ा है। यही वजह है कि असम के बाद यूपी की भी कमान उन्हें सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की बम्पर जीत के पीछे भूपेश बघेल की रणनीति ही कारगर मानी जाती रही है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि यूपी में भी अगर यह जादू चला तो कांग्रेस बेहतर स्थिति में होगी। अब राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं होने लगी हैं। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में भी बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस ने परचम लहराया। इसके बाद ही उन पर भरोसा बढ़ा है। कांग्रेस में अधिक सर्वमान्य और राष्ट्रीय नेता के तौर पर भी वह उभरने लगे हैं। छत्तीसगढ़ में जनहितकारी योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति मिलने के बाद भूपेश बघेल की एक अधिक अलग छवि भी उभरकर सामने आई है।

No comments:

Post a Comment