Friday 4 June 2021

अमेरिका में हथियारों के लिए अंधी दौड़

साल 2016 में अमेरिका में 32 प्रतिशत घरों में बंदूकें थीं। देश के जनरल सोशल सर्वे के अनुसार आज यह संख्या 39 प्रतिशत हो चुकी है। यानि हर 10 में से चार घरों में हथियार पहुंच चुके हैं। इसे अमेरिका में हथियारों की अंधी दौड़ कहा जा रहा है। ऐसे समय में जब शहरों में लोगों की गोली मारकर हत्या की जा रही है, हथियारों की इस बढ़ती खरीद ने नीति-निर्माताओं को चिंता में डाल दिया है। पिछले चुनाव वर्ष में नस्ली हिंसा, हिंसक प्रदर्शन और कोरोना महामारी के दौरान बंदूकों की खरीद बढ़ी थी। राष्ट्रपति चुनाव के चलते विशेषज्ञों ने इसे सामान्य माना। ऐतिहासिक तौर पर भी चुनावी वर्ष में असहलों की खरीद जोर पकड़ती जा रहा है। अब जबकि चुनाव हो चुके हैं, खरीद कम नहीं हो रही। कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में बंदूकों के अध्ययनकर्ता डॉ. गौरन जी विटेम्यूट आश्चर्य जताते हैं, चुनाव बाद बंदूकों की खरीद कम हो जाती है, मगर इस बार ऐसा नहीं हो पा रहा। दक्षिण लॉस एंजेलिस की सिटी काउंसिल में प्रतिनिधि मार्को हैरिस डॉसन दावा करते हैं, अमेरिकियों के बीच एक हथियारों की दौड़ शुरू हो चुकी है। यह बहुत कुछ महामारी के दौरान टायलेट पेपर खरीदने के लिए हुई दौड़ जैसी है। लेकिन इशारा भी है कि अमेरिकी एक-दूसरे को किस तरह अविश्वास से देख रहे हैं और अपनी सुरक्षा के बारे में कैसे सोच रहे हैं। दावा है कि अमेरिका में नागरिकों के पास करीब 40 करोड़ बंदूकें हैं। लॉस एंजेलिस में सर्वाधिक बंदूकें खरीदी गईं। वहां हत्याएं 36 प्रतिशत तो गोलीबारी में हुईं। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment