Sunday 20 June 2021

बॉलीवुड का बायकाट कल्चर

कार्तिक आर्यन और फिल्म मेकर करण जौहर का दोस्ताना-2 टूटने के साथ ही कार्तिक के हाथ से एक के बाद कई फिल्मों से निकलने की खबरों ने हमें सुशांत सिंह राजपूत का किस्सा याद दिला दिया है। फैंस सवाल उठा रहे हैं कि कहीं करण से विवाद के बाद कार्तिक बॉलीवुड कल्चर का शिकार तो नहीं हो रहे। बॉलीवुड के उभरते सितारे कार्तिक आर्यन पिछले कुछ समय से एक के बाद एक फिल्में गंवाने को लेकर सुर्खियों में हैं। कार्तिक को निर्माता करण जौहर ने अपनी फिल्म दोस्ताना-2 से करीब 20 दिनों की शूटिंग के बाद अलग कर दिया। वहीं कुछ दिन बाद ही करण के करीबी दोस्त शाहरुख खान के बैनर की फिल्म फ्रेडी से भी कार्तिक आउट हो गए। यही नहीं, हाल ही में कार्तिक के आनंद राय की गैंगस्टर ड्रामा फिल्म का हिस्सा न रहने की भी खबरें आईं। ऐसे में लोगों के जहन में यही सवाल आया कि आखिर कार्तिक के साथ ऐसा क्यों हो रहा है? एक ओर कार्तिक पर क्रिप्ट में नुक्ताचीनी करने के आरोप लग रहे हैं, तो फैंस के मुताबिक करण के साथ विवाद के बाद इंडस्ट्री की एक लॉबी कार्तिक को साइडलाइन कर रही है। इसी बीच फिल्म मेकर अनुभव सिन्हा कार्तिक की सपोर्ट में आगे आए हैं। उन्होंने ट्वीट कियाöकार्तिक आर्यन के खिलाफ जो कैंपेन चलाया जा रहा है उसे लेकर मैं चिंतित हूं। यह बहुत ही अनुचित है। मैं कार्तिक की चुप्पी का सम्मान करता हूं। जबकि फिल्म बिजनेस के जानकार ऐसा नहीं मानते। उनका कहना है कि फिल्मों में एर्क्ट्स का रिप्लेसमेंट कोई नई बात नहीं है। हालांकि बॉलीवुड में यह बायकाट कल्चर भी कोई नई बात नहीं है। एक्टर विवेक ओबराय से लेकर राइटर-गीतकार जावेद अख्तर तक इसका शिकार हो चुके हैं। पिछले साल दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद उनके फैंस ने करण जौहर और आदित्य चोपड़ा जैसे बड़े निर्माताओं पर सुशांत को साइडलाइन करने, काम छीनने जैसे गंभीर आरोप लगाए। आदित्य चोपड़ा ने सुशांत संग तीन फिल्मों का कांट्रेक्ट साइन किया था। इनमें दो फिल्में शुद्ध रोमांस और व्योमकेश बख्शी तो बनीं, लेकिन सुशांत स्टार महत्वाकांक्षी फिल्म पानी से आदित्य चोपड़ा ने एक साल के इंतजार के बाद हाथ खींच लिया। सुशांत ने इस फिल्म के चक्कर में कई फिल्मों के लिए मना किया था। ऐसे में आदित्य चोपड़ा से मनमुटाव के बाद सुशांत ने कांट्रेक्ट तोड़ दिया। फिर धोनी के सुपर हिट होने के बावजूद सुशांत को इंडस्ट्री वालों की वैसी वाहवाही नहीं मिली। वहीं कई फिल्मों की पहली च्वाइस होने के बावजूद सुशांत रिप्लेस हो गए। यही नहीं, करण जौहर के शो पर कई बार उनका मजाक भी बना। फैंस ने इन सबको उनके खिलाफ लॉबिंग करार देकर विरोध जताया। अंतत सुशांत ने आत्महत्या कर ली। निर्माता करण जौहर पर नेपोटिजम को बढ़ावा देने और आउटसाइर्ड्स को बुली करने का आरोप लगाने वाली एक्ट्रेस कंगना रनौत बॉलीवुड में गुटबाजी, बाहरी कलाकारों को बुली करना और भाई-भतीजावाद के चलन के खिलाफ कई बार आवाज उठा चुकी हैं। कंगना खुलेआम इंडस्ट्री के इस पॉवर गेम के खिलाफ बिगुल फूंकती रही हैं। इस कल्चर के शिकार कई कलाकार हो चुके हैं। प्रमुख हैं विवेक ओबराय, जावेद अख्तर और प्रियंका चोपड़ा।

No comments:

Post a Comment