Tuesday 7 December 2021

अयोध्या के लिए पहली ट्रेन रवाना

मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत अयोध्या रवाना होने वाले यात्रियों के लिए सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम को रोक दिया गया। वहीं आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह ने केंद्रीय रेलमंत्री से सवाल किया कि इस तरह की अड़चन किसके आदेश से डाली गई है? इससे पहले करीब एक हजार यात्रियों के साथ सफदरजंग रेलवे स्टेशन से अयोध्या के लिए पहली ट्रेन शुक्रवार शाम को रवाना हुई। केजरीवाल ने अयोध्या जा रहे तीर्थयात्रियों से मुलाकात की। यात्रा पर भेजने की खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि बुढ़ापे में किसी को तीर्थयात्रा करने का मौका मिल जाए तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहता। कोरोनाकाल में स्थगित इस योजना को दोबारा शुरू किया गया। योजना में पहली बार शामिल हो रहे अयोध्या के लिए करीब एक हजार तीर्थयात्रियों को यात्रा पर भेजना था। इसके लिए दिल्ली सरकार ने स्टेशन पर कार्यक्रम का आयोजन किया था। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि केंद्र सरकार ने कार्यक्रम करने से मना कर दिया है। केंद्र को इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए। एक तरह से हमारे माता-पिता, हमारे बुजुर्ग भगवान श्रीराम चन्द्र जी के दर्शन करने के लिए अयोध्या गए हैं। यह बहुत खुशी की बात है। तीर्थयात्रियों में भारी उत्साह का माहौल रहा और उन्होंने तीर्थयात्रा फिर से शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी किया। तीर्थयात्रा पर जाने वाले यात्री स्टेशन पर जयश्री राम के जयकार लगा रहे थे। तीर्थयात्रियों ने इस मौके पर खुशी का इजहार किया। साथ ही योजना की तारीफ भी की। हम भी अरविन्द केजरीवाल और दिल्ली सरकार के अधिकारियों द्वारा इस यात्रा का आयोजन करने के लिए बधाई देते हैं, उनकी सराहना करते हैं। किसी भी व्यक्ति को तीर्थयात्रा कराना बहुत शुभ काम हैं और अयोध्या की यात्रा को तो अलग महत्व है। जयश्री राम। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment