Wednesday 15 December 2021

अमेरिका में 40 तूफानों में 100 मौतें

अमेरिका में शुक्रवार को आए तूफान ने भारी तबाही मचाई है। अब तक छह अमेरिकी राज्यों में 40 से ज्यादा तूफानों की चपेट में आ चुके अलग-अलग इलाकों में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। सैकड़ों लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। केंटकी राज्य में ही 80 लोगों के मारे जाने की खबर है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने राज्य में आपातकाल घोषित किया है। सबसे ज्यादा तबाही मेफील्ड में हुई है, जिसे साइक्लोन का ग्राउंड जीरो माना जा रहा है। केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने कहाöहमारा मानना है कि इस घटना से मारे जाने वालों की संख्या बढ़कर 50 से ज्यादा हो सकती है। शायद 70 से 100 लोगों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि केंटकी के इतिहास की सबसे कठिन रातों में से एक रात यही रही है। कुछ क्षेत्र इस तरह से प्रभावित हुए कि शब्दों में बयान करना मुश्किल है। राज्य में आपातकाल की घोषणा कर दी गई है। दूर-दूर तक उजड़े हुए घर नजर आ रहे हैं। लोग मलबे में अपना सामान और अपनों को ढूंढ रहे हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने लोगों से मदद की अपील करते हुए कहा है और राहत कार्यों के लिए नेशनल गार्ड्स को रवाना कर दिया है। तूफान की चपेट में एमेजॉन कंपनी का गोदाम भी आया है। भीषण बवंडर की वजह से गोदाम की छत टूट गई जिसमें छह कर्मचारियों की मौत हो गई। एमेजॉन के प्रमुख जेफ बेजोस ने इस हादसे को लेकर गहरा दुख जताया है। बेजोस ने कहा कि हम अपने साथियों को खोने से काफी दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों और परिजनों के साथ हैं। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment