Translater
Wednesday, 8 December 2021
रेजिडेंट डॉक्टर्स की हड़ताल
कोरोना का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन देश में दस्तक दे रहा है और इधर देशभर के रेजिडेंट डाक्टर शनिवार से हड़ताल पर हैं। नीट, पीजी काउंसलिंग में हो रही देरी के विरोध में यह हड़ताल की जा रही है। रेजिडेंट डाक्टरों ने पहले 27 नवम्बर से हड़ताल पर जाने की घोषणा की थी लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय के आश्वासन पर वह काम पर लौट आए थे। अब शनिवार से अस्पतालों में ओपीडी बंद है। जूनियर डाक्टरों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो सोमवार से इमरजेंसी सहित अन्य सभी सेवाएं भी बंद कर दी जाएंगी। दिल्ली के सफदरजंग और जीटीबी जैसे अस्पतालों में मरीजों पर समस्याओं का पहाड़ टूट पड़ा है। यहां आज रेजिडेंट डॉक्टरों ने ओपीडी के साथ-साथ इमरजेंसी सेवाओं का भी बहिष्कार कर दिया। लोक नायक अस्पताल व दिल्ली सरकार के अन्य अस्पतालों में केवल ओपीडी बंद रही। कहा जा रहा है कि कल से ज्यादातर अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। देशभर में डाक्टरों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था फोर्ड का कहना है कि देश में डाक्टरों की कमी है जो रेजिडेंट डॉक्टर्स हैं उन पर वर्कलोड बहुत है। पूरा अस्पताल इनके सहारे चलता है। इससे फिजिकल से लेकर मेंटल हेल्थ तक प्रभावित होती है लेकिन नए डॉक्टरों की भर्ती नहीं हो रही है। नीट काउंसलिंग भर्ती का रास्ता है लेकिन उन्हें दिया नहीं जा रहा है। जब तक इस पर सख्त फैसला नहीं आता तब तक देशभर के रेजिडेंट डॉक्टर्स हड़ताल पर रहेंगे। मरीज इलाज के लिए भटकते नजर आए। फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन का कहना है कि स्वास्थ्य मंत्रालय से उन्हें तीन दिन पहले मामले के निपटारे का भरोसा मिला था, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे वक्त जब देश को स्वास्थ्य सेवाओं व सुविधाओं पर भारी दबाव का सामना करना पड़ रहा है और ओमिक्रॉन के देश में कई मामले सामने आ चुके हैं, रेजिडेंट डॉक्टर्स का हड़ताल पर रहना ठीक नहीं है। सरकार को तत्काल इस मामले में फैसला करना चाहिए।
-अनिल नरेन्द्र
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment