Tuesday 14 December 2021

हफ्ते में सिर्फ साढ़े चार दिन काम होगा

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में एक जनवरी 2022 से हफ्ते में सिर्फ साढ़े चार दिन काम होगा। बाकी ढाई दिन छुट्टी होगी। शुक्रवार को आधा दिन ही काम होगा यानि हाफ-डे वर्किंग रहेगा। शनिवार और रविवार को पूरी तरह छुट्टी रहेगी। इसके पहले रविवार से गुरुवार तक काम होता था और शुक्रवार, शनिवार छुट्टी होती थी। वीकेंड शुक्रवार को दोपहर में शुरू होगा जो मुस्लिम देशों में प्रार्थना का दिन होता है। इसका मकसद वर्क लाइफ बैलेंस और आर्थिक प्रतिस्पर्धा में सुधार करना है ताकि प्रॉडक्टिविटी बढ़े। दुनिया के ज्यादातर देशों में फाइव डे वर्किंग वीक कल्चर है। यहां अब जनवरी से सरकारी दफ्तरों के लिए नेशनल वर्किंग वीक जरूरी होगा। नया वर्किंग कैलेंडर एक जनवरी से लागू करने का प्लान इसलिए बनाया गया ताकि इसे लागू करने में दिक्कत पेश न आए। यहां कर्मचारियों के लिए जिस तरह के नियम हैं। उनके आधार पर यह माना जा रहा है कि जल्द ही देश का निजी सेक्टर भी इस तरह के कदम उठाएगा। डब्ल्यूएम की रिपोर्ट में कहा गया कि आर्थिक दृष्टिकोण से यह नई व्यवस्था यूएई को वैश्विक बाजार के साथ कहीं बेहतर तरीके से ज़ोड़ेगी। इसके साथ ही देश की आर्थिक प्रतिस्पर्धा को बेहतर करने के लिए हमारे प्रदर्शन को बढ़ाने में भी इससे मदद मिलेगी। इस फैसले से दुनिया के बाकी देशों के साथ देश की आर्थिक गतिविधियां भी बेहतर होंगी। मिडिल ईस्ट की आर्थिक राजधानी यूएई की इस घोषणा से कर्मचारी काफी खुश हैं। जल्द ही देश के स्कूल और कॉलेज भी इस नए रूल को फॉलो करेंगे। हालांकि स्कूल और निजी सैक्टर के बारे में कोई गाइडलाइंस जारी नहीं की गईं। सरकार का कहना है कि ग्लोबल मार्केट्स के पैटर्न को फॉलो करना चाहती है। 1971 से 1999 तक देश में छह दिन काम होता था। 1999 में इसे बदलकर पांच दिन और अब साढ़े चार दिन किया गया है। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment