Friday 21 May 2021

पिक्चर अभी बाकी है दोस्त...शो मस्ट गो ऑन

पिक्चर अभी बाकी है दोस्त... शो मस्ट गो ऑन राजकपूर के इसी वाक्य के साथ डॉक्टर केके अग्रवाल ने एक लाइव शो में बताया था कि वह कोविड पॉजिटिव हैं। उन्होंने कहा था कि उनके जैसे लोग ऑक्सीजन बैड पर होते हुए भी क्लास लेंगे और लोगों की जान बचाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने ऐसा ही किया भी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के पूर्व अध्यक्ष रहे डॉ. अग्रवाल ने सोमवार देर शाम अंतिम शांस ली। डॉ. अग्रवाल को चिकित्सा क्षेत्र में उनके कार्य के लिए देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से नवाजा गया था। वह डॉ. बीसी रॉय पुरस्कार से भी सम्मानित किए गए थे। हाथ से सीपीआर देकर जीवनरक्षक तकनीकों में अधिकतम लोगों को प्रशिक्षण देने के लिए डॉ. अग्रवाल का नाम लिमका बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ था। अपनी मौत से पहले तक वह दुनिया को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते रहे। उन्होंने करीब 2500 लाइव शो कर कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक किया और उनका इलाज किया। खुद बीमार होने के बाद भी उन्होंने कोरोना को लेकर लाखों लोगों को अपडेट देना जारी रखा। कोरोना के बारे में लगातार अपने वीडियो के माध्यम से लोगों को जागरूक करने वाले प्रख्यात चिकित्सक डॉ. केके अग्रवाल आखिरी समय तक लोगों की सेवा का संदेश देते हुए कहते रहेöद शो मस्ट गो ऑन। उनके इस संदेश का मकसद था कि महामारी के इस कठिन दौर में आप (डॉक्टर) जुगाड़ू ओपीडी के जरिये एक साथ सौ-सौ मरीजों को लाभ पहुंचा सकते हैं। संक्रमित होने के बावजूद खुद डॉ. अग्रवाल आखिरी समय तक वीडियो के जरिये लोगों तक हर छोटी-बड़ी जानकारी पहुंचाते रहे। अपने आखिरी वीडियो में उन्होंने सभी डॉक्टरों से अपील करते हुए कहाöअब एक-एक करके लोगों को ओपीडी और परामर्श देने का समय नहीं रह गया है। आप एक ही लक्षण वाले 100 मरीजों को एक साथ जुगाड़ू ओपीडी में बुलाकर परामर्श दे सकते हैं। अपने आखिरी वीडियो में द शो मस्ट गो ऑन डायलॉग बोलते हुए कहते हैंöपिक्चर अभी बाकी है। मेरे जैसे लोग ऑक्सीजन सपोर्ट पर भी लोगों को बचाने की कोशिश करें। मैं केके अग्रवाल बनने से पहले चिकित्सा पेशे से जुड़ा एक डॉक्टर हूं। डॉ. अग्रवाल लगातार ट्विटर पर वीडियो अपडेट करते रहे। उनके अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी उनकी हार्ट केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया की टीम लगातार उनके कोविड-19 पर वीडियो पोस्ट करती रही। उन्होंने हजारों लोगों का इलाज किया। उनके जाने से मेडिकल क्षेत्र की एक महान हस्ती का अंत हो गया। बेशक वह तो चले गए पर उनके द्वारा किए गए कार्य को कभी भूला नहीं जा सकता। हम अपनी श्रद्धांजलि पेश करते हैं और उपर वाले से प्रार्थना करते हैं कि इस महान व्यक्ति को अपने चरणों में स्थान दें।

No comments:

Post a Comment