Monday 31 May 2021

अनलॉक पर निर्माण कैसे शुरू होगा बड़ी चुनौती है

दिल्ली सरकार ने 31 मई से भले ही निर्माण गतिविधियों को अनलॉक करने की घोषणा कर दी। मगर बड़ा सवाल यह है कि काम कैसे शुरू होगा? जब अधिकतर कामगार शहर छोड़कर जा चुके हैं। उनके लौटने में कई माह लग जाएंगे। ऐसे में काम तेजी पकड़ पाएगा, इस तरह के हालात नजर नहीं आ रहे हैं। दिल्ली में 14 अप्रैल की रात से लगे लॉकडाउन में अब दो मामलों में छूट देने की दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को घोषणा की, जिसके तहत औद्योगिक क्षेत्रों के अलावा निर्माण गतिविधियां भी शामिल हैं। यहां गौर करने वाली बात यह है कि दिल्ली सरकार की तरफ से इस बार लगाए गए लॉकडाउन में निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध नहीं लगाया था। लोक निर्माण विभाग ने अपने अभियंताओं को निर्देश दिए थे कि जिसके भी पास श्रमिक व निर्माण संबंधित सामग्री व अन्य साधन उपलब्ध हैं वह काम जारी रखें, जिसके चलते जिस भी निर्माण स्थल पर श्रमिक उपलब्ध थे वहां पर कुछ समय तक काम भी जारी रहा। वैसे अधिकतर श्रमिक अपने गांव जा चुके हैं। दिल्ली परिवहन विभाग की एक रिपोर्ट बताती है कि लॉकडाउन के दौरान आठ लाख से अधिक लोग दिल्ली छोड़कर चले गए। इनमें बड़ी संख्या में निर्माण श्रमिक थे। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड के श्रमिक अधिक थे। आज स्थिति यह है कि दिल्ली के किसी भी निर्माण स्थल पर पहले की तुलना में चार से लेकर आठ प्रतिशत श्रमिक ही रह गए हैं। ऐसे में दिल्ली में ढांचागत विकास की निर्माणाधीन परियोजनाओं पर काम जारी रखना बहुत मुश्किल भरा काम है। लोक निर्माण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं कि कुछ निर्माण स्थलों पर इक्का-दुक्का श्रमिक मौजूद हैं। लॉकडाउन के दौरान धीरे-धीरे श्रमिक अपने गांव जा चुके हैं। अब जब श्रमिक वापस लौटेंगे तभी काम शुरू हो सकेगा। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment