Sunday 25 July 2021

सेक्सटॉर्शन गैंग का पर्दाफाश

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने क्रीन रिकॉर्डर एप के जरिये लोगों से वीडियो कॉल के दौरान उनके अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर वसूली (सेक्सटॉर्शन) करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। जांच के बाद पुलिस ने गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला है कि यह गैंग अभी तक दो सौ लोगों से करीब एक करोड़ रुपए वसूल चुका है। हालांकि जांच में यह रकम बढ़ भी सकती है। फिलहाल पुलिस गिरोह के दो फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है। संयुक्त पुलिस आयुक्त अलोक कुमार ने बताया कि क्राइम ब्रांच को सूचना मिल रही थी कि कोई गिरोह लगातार सेक्सटॉर्शन के धंधे में लिप्त है लेकिन लोकलाज के डर से ब्लैकमेल होने वाले लोग इसकी शिकायत नहीं कर रहे हैं। जांच में जुटी एसीपी रिछपाल सिंह की टीम ने एक सूचना के आधार पर 15 जुलाई को नूंह से गैंग के एक सदस्य नखरुद्दीन को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान नखरुद्दीन ने बताया कि वेरिडंर, इंस्टाग्राम, फेसबुक और ट्विटर आदि सोशल नेटवर्किंग साइट से शिकार को ढूंढते हैं। दोस्ती के बाद वीडियो कॉल कर उन्हें फंसाते हैं। इसके अलावा वह बल्क में मोबाइल नम्बर खरीद कर लड़की की आवाज से युवकों से बात करते थे। पहले वह उन्हें लड़कियों की अश्लील फोटो और वीडियो भेजते थे और फिर फोन पर बात कराते थे। भरोसा करने पर आरोपी शिकार को वॉट्सएप वीडियो कॉल करने के लिए कहते थे। इसके बाद गिरोह का सदस्य अश्लील वीडियो चलाता था, जिसे देखकर सामने वाला शख्स भी अपने कपड़े उतार देता था। इसे क्रीन एक रिकॉर्डर से रिकॉर्ड कर लोगों को ब्लैकमेल करते थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरोह के सदस्य पहले ओएलएक्स के जरिये लोगों से ठगी करते थे। इसमें वह खरीददार या विक्रेता बनकर संभावित शिकार से सम्पर्क करते थे। लेकिन बाद में सेक्सटॉर्शन करने लगे। इसमें कोई भी शख्स पुलिस के पास नहीं जाता था। नखरुद्दीन सातवीं तक पढ़ाई करने के बाद ट्रैक्टर मैकेनिक का काम करने लगा। बाद में उसकी मुलाकात मुनफेद और समय दीन से हुई। सेक्सटॉर्शन का रैकेट दिल्ली, एनसीआर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और यूपी तक फैला हुआ था। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment