Saturday 31 July 2021

सरकार गिराने के लिए तीन विधायकों से डील

झारखंड में सरकार गिराने की साजिश में गिरफ्तार आरोपियों ने कई खुलासे किए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि साजिश में झारखंड के तीन विधायकों, दो पत्रकार व बिचौलिये शामिल थे। दिल्ली में तीनों विधायकों से लेन-देन की डील भी हुई थी। एक करोड़ रुपए एडवांस का वादा भी हुआ था, नहीं देने पर विधायक रांची लौट गए थे। डील में महाराष्ट्र के दो नेता चंद्रशेखर राव बावनकुले और चरण सिंह शामिल थे। गिरफ्तार अभिषेक, अमित व निवारण ने दोनों को महाराष्ट्र के भाजपा विधायक बताया था लेकिन वहां की सूची में इनका नाम नहीं है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि इसी मामले में अमित ने 15 जुलाई को इंडिगो का टिकट भेजा था। महाराष्ट्र के एक नेता जयकुमार वानखेड़े ने इसकी बुकिंग कर अमित सिंह को भेजा था। अभिषेक ने बताया है कि 15 जुलाई को दिल्ली पहुंचने पर वहां एयरपोर्ट पर दो एसयूवी लगी हुई थीं। एक से तीनों विधायक होटल में गए। बाकी तीनों को जयकुमार का गार्ड अभिषेक दुबे लेकर होटल पहुंचा। यहां चंद्रशेखर राव बावनकुले और चरण सिंह पहुंचे। वह यहां से तीनों स्थानीय विधायकों को लेकर एक गाड़ी में, जबकि अन्य लोग दूसरी गाड़ी से कई बड़े नेताओं के आवास पर गए। यहां के बाद राज्य के तीनों विधायक झारखंड भवन लौट आए। अभिषेक ने बताया कि 16 जुलाई को भी तीनों स्थानीय विधायक दिल्ली में बड़े नेताओं से मिले। उन्हें एक करोड़ एडवांस देने का वादा किया गया था, पर एडवांस नहीं मिलने से वे नाराज हो गए और उसी दिन फ्लाइट से रांची लौट गए। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment