Translater
Friday, 2 July 2021
देशमुख को बार मालिकों से चार करोड़ रुपए से अधिक मिले
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री और एनसीपी के सीनियर नेता अनिल देशमुख के घर शुक्रवार सुबह तकरीबन आठ बजे छापेमारी शुरू की। यह कई घंटे तक चलती रही। यह छापेमारी मुंबई और नागपुर, दोनों जगहों पर चली। मुंबई में अनिल देशमुख के घर ज्ञानेश्वरी बंगले पर यह रेड डाली गई। उनके दो निजी सहायकों के घरों में भी रेड व सर्च किया गया। अनिल देशमुख पर पहले सीबीआई ने जांच शुरू की थी। याद रहे कि मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा था कि तत्कालीन गृहमंत्री अनिल देशमुख ने टॉप पुलिस अधिकारियों को हर महीने 100 करोड़ रुपए की वसूली का टारगेट दिया था। अनिल देशमुख पर पहले सीबीआई ने जांच शुरू की थी। अब ईडी ने इसलिए उनके खिलाफ जांच शुरू की, क्योंकि अनिल देशमुख पर अब मनी लांड्रिंग का भी आरोप लगा है। देशमुख पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी कंपनी बनाकर ब्लैक मनी को सफेद करने का काम किया है। विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि ईडी को पता चला है कि अनिल देशमुख को मुंबई के 10 बार के मालिकों ने चार करोड़ रुपए दिए और यह रकम तीन महीने तक दी गई। ईडी ने अब तक 10 बार मालिकों के बयान भी दर्ज किए हैं। अनिल देशमुख पर पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने 100 करोड़ रुपए की वसूली का आरोप लगाया था। महाराष्ट्र भाजपा के सीनियर नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने अनिल देशमुख के घर ईडी की रेड पर बयान देते हुए कहा है कि बहुत जल्दी देशमुख जेल की सलाखों के पीछे होंगे। वह सचिन वाजे से वसूली करवाकर बोगस कंपनी के जरिये मनी लांड्रिंग करते थे। वह छगन भुजबल की तरह जेल में रहेंगे। इसके अलावा अनिल परब पर भी जल्द कार्रवाई होगी। चूंकि मामला कोर्ट में है कोई टिप्पणी करना उचित नहीं।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment