Translater
Saturday, 3 July 2021
ट्रैक्टर परेड में फहराया था लाल किले पर झंडा
दिल्ली में 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर परेड में भड़की हिंसा के दौरान लाल किले पर झंडा फहराने वाले एक लाख रुपए के इनामी गुरजोत सिंह को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अमृतसर से गिरफ्तार किया है। गुरजोत लाल किले पर निशान साहिब का झंडा फहराने में शामिल था। गुरजोत को गिरफ्तार करने के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम उसे लेकर दिल्ली आई है। पुलिस के मुताबिक गुरजोत 12वीं तक पढ़ा है। उसका जन्म महाराष्ट्र के अहमद नगर में हुआ था लेकिन वह पंजाब के तरणतारन में रहता था। गुरजोत के पिता भारतीय सेना में रहे थे। डीसीपी संजीव कुमार यादव के अनुसार आरोपी से पूछताछ से पता चला कि सितम्बर 2020 में वह किसान आंदोलन से जुड़ गया था। दिसम्बर 2020 तक वह दो बार सिंघु बॉर्डर पर किसान आंदोलन को समर्थन देने आ चुका था। यह यूट्यूब पर दीप सिद्धू और लक्खा सिघाना के वीडियो देखता था। ट्रैक्टर परेड की घोषणा होने के बाद वह गांव में चन्दा एकत्रित कर गुरप्रीत सिंह, नवदीप सिंह, गुरजंत सिंह और बलजिंदर सिंह के साथ 21 जनवरी को दिल्ली पहुंचा। लाल किला हिंसा के बाद वह फिर सिंघु बॉर्डर चला गया लेकिन जब गांव से फोन आया कि उसका वीडियो न्यूज चैनलों पर चल रहा है तो वह सिंघु बॉर्डर से बाइक लेकर पंजाब चला गया। 27 जनवरी को वह गांव पहुंचा और मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया। 26 जनवरी को हुई हिंसा की घटना में शामिल होने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने दीप सिद्धू, जुगराज सिंह, गुरजोत सिंह की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपए के इनाम की घोषणा की थी। वहीं जगबीर सिंह, बूटा सिंह, सुखदेव सिंह और इकबाल सिंह पर 50 हजार रुपए के इनाम का ऐलान किया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की हम इस गिरफ्तारी पर सराहना करते हैं।
-अनिल नरेन्द्र
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment