Tuesday 13 July 2021

मशाल रिले से टोक्यो ओलंपिक का चरण आरंभ

ओलंपिक आयोजकों ने शुक्रवार को ओलंपिक मशाल के टोक्यो आगमन के साथ ही प्रज्जवलन समारोह का आयोजन किया। इससे एक दिन पहले ही सरकार ने टोक्यो में कोरोना आपातकाल की घोषणा की थी। चूंकि डेल्टा वेरिएंट के मामलों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसी वजह से मशाल रिले राजधानी की सड़कों पर आयोजित नहीं की जा सकी। टोक्यो के तटवर्ती द्वीपों पर ही इसका आयोजन किया गया। रिले की शुरुआत से अब तक कई बार इसका रास्ता बदला गया, नया रास्ता बनाया गया और सार्वजनिक पार्कों में जनता से दूर इसका आयोजन किया गया। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि स्टेडियम में उद्घाटन समारोह के लिए मशाल कैसे आएगी? वैसे टोक्यो ओलंपिक के आयोजन में मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ओलंपिक के इतिहास में पहली बार महामारी के कारण पिछले साल इसका आयोजन स्थगित किया गया था। अब आगामी 23 जुलाई से आठ अगस्त तक इसका आयोजन होना है। लेकिन एक अजीब स्थिति बन रही है, क्योंकि टोक्यो में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखकर प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा ने वहां आपातकाल की घोषणा कर दी है। नतीजतन टोक्यो और उससे सटे तीन शहरों में घरेलू दर्शकों को भी स्टेडियम में आने की इजाजत नहीं होगी, जबकि विदेशी दर्शकों पर तो पहले ही प्रतिबंध लग चुका है। यानि पहली बार आईपीएल की तरह ओलंपिक भी टीवी तक ही सीमित होगा। यह व्यवस्था ओलंपिक के आयोजकों के लिए एक बहुत बड़ा झटका है, जिन्हें टिकटों के जरिये होने वाली लाखों डॉलर की आय से हाथ धोना पड़ेगा। ओलंपिक जैसा आयोजन किसी देश की अर्थव्यवस्था की बेहतरी का मौका होता है, लेकिन कोरोना महामारी ने जापान को इस स्वर्णिम अवसर से वंचित कर दिया। इस सन्दर्भ में प्रधानमंत्री सुगा का यह कहना बेहद अर्थपूर्ण है कि दर्शकों पर प्रतिबंध के बावजूद टोक्यो ओलंपिक विपत्ति के बीच धैर्य और एकजुटता की ऐतिहासिक मिसाल बनेगा। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment