Translater
Sunday, 21 March 2021
मां को जड़ा थप्पड़, मां ने दम तोड़ दिया
राजधानी दिल्ली में किरायेदार से झगड़े के बाद एक बेटे ने कहासुनी के दौरान अपनी 76 वर्षीय मां को थप्पड़ मार दिया, जिससे बुजुर्ग महिला अवतार कौर की मौत हो गई। मां की मौत के बाद बेटे ने बिना पुलिस को बताए ही उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। लेकिन सोशल मीडिया में वारदात का वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की छानबीन शुरू करने के बाद आईपीसी एक्ट की धारा 304 के तहत केस दर्ज कर बेटे को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि मृतक बुजुर्ग अवतार कौर अपने बेटे रणबीर व बहू के साथ सेवक पार्क में रहती थीं। पुलिस के अनुसार 15 मार्च को दिन में पुलिस को एक महिला ने शिकायत में बताया कि पार्किंग को लेकर यहां मकान मालिक से विवाद चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मामला सुलझ चुका है। पुलिस को महिला ने कहा कि वह अब इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहती हैं। उधर इस घटना के बाद रणबीर अपनी मां से झगड़ा करने लगा। इस दौरान उसकी पत्नी भी अपने पति का साथ दे रही थीं। झगड़े के दौरान ही रणबीर ने अपनी मां को जोरदार थप्पड़ मारा। थप्पड़ लगने के बाद बुजुर्ग महिला सड़क पर ही गिर गईं और बेसुध हो गईं, जिसके बाद बुजुर्ग की बहू ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठीं, जिसके बाद परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन अस्पताल से बुजुर्ग के शव को लेकर सीधा अपने घर पहुंचे और वहां से उन्हें अंतिम संस्कार के लिए ले गए। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस तक को नहीं दी और अंतिम संस्कार भी कर दिया।
-अनिल नरेन्द्र
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment