Tuesday 19 October 2021

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में बनेगी भाजपा सरकार?

हालांकि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में अभी कुछ महीने बचे हैं पर सर्वे का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे इतना तो पता चलता ही है कि विभिन्न राज्यों में जहां चुनाव होने वाले हैं वहां पर इस समय मतदाताओं का क्या रुख है। एबीपी-सी वोटर के सर्वे में बताया गया है कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में भाजपा को बहुमत मिलने का अनुमान है। सर्वे के मुताबिक उत्तराखंड और मणिपुर में भी भाजपा की सरकार बनने की उम्मीद है। लेकिन पंजाब में त्रिशंकु विधानसभा के आसार नजर आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में भाजपा का वोट शेयर सबसे ज्यादा 41 प्रतिशत रह सकता है। वहीं समाजवादी पार्टी 32 प्रतिशत वोट शेयर के साथ दूसरे नम्बर पर रह सकती है। बसपा को 15 प्रतिशत, कांग्रेस को छह प्रतिशत और इतना ही वोट शेयर बाकी पार्टियों को मिलने का अनुमान है। सीटों के हिसाब से बात करें तो भाजपा को 403 में से 241 से 249 सीटें मिलने की उम्मीद है। तो सपा के खाते में 130-138 सीटों का अनुमान है। वहीं बसपा 15 से 19 और कांग्रेस तीन से सात सीटों पर सिमट सकती है। सर्वे में सामने आया है कि पंजाब में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनेगी और आम आदमी पार्टी (आप) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। 117 विधानसभा सीटों में से 49 से 55 सीटें आप के खाते में जा सकती हैं। कांग्रेस 30 से 47 सीटों पर जीत सकती है और अकाली दल को 17 से 25 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं भाजपा और दूसरे दल महज एक-एक सीट पर सिमट सकते हैं। सर्वे के मुताबिक उत्तराखंड में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनने का अनुमान है। यहां भाजपा को 45 प्रतिशत, कांग्रेस को 34 प्रतिशत, आम आदमी पार्टी को 15 प्रतिशत और अन्य दलों को छह प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। यहां की 70 सीटों में से भाजपा को 42-46, कांग्रेस को 21-25, आम आदमी पार्टी को 0-4 और अन्य दलों को दो सीटें मिल सकती हैं। गोवा में भाजपा के सत्ता में रहने की उम्मीद है। यहां 40 में से 24-28 सीटें भाजपा को मिल सकती हैं और वोट शेयर 38 प्रतिशत रहने के आसार हैं। गोवा में आप का वोट शेयर 23 प्रतिशत और कांग्रेस का 18 प्रतिशत रह सकता है। वहीं अन्य दलों को 21 प्रतिशत वोट मिल सकता है। बता दें कि गोवा में पिछले चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन सरकार नहीं बना पाई थी। मणिपुर के सर्वे के मुताबिक 60 सीटों में से भाजपा 21 से 25 सीटों पर, कांग्रेस 18 से 22 सीटों पर जीत सकती है। वहीं नागा पीपुल्स फ्रंट को चार से आठ और अन्य दलों को एक से पांच सीटें मिल सकती हैं। वोटों की बात करें तो भाजपा का शेयर 36 प्रतिशत, कांग्रेस का 34 प्रतिशत, एनपीएफ का नौ प्रतिशत और अन्य दलों का 21 प्रतिशत रहने के आसार हैं। जैसा मैंने कहा कि वैसे भी अभी चुनावों में देर है और कई बार स्थिति बदलेगी। इस सर्वे से बस इतना अंदाजा हो सकता है कि इन राज्यों में कौन-सी पार्टी कहां खड़ी है। सर्वे सही साबित हों, इसकी भी कोई गारंटी नहीं है।

No comments:

Post a Comment