Wednesday 20 October 2021

अलकायदा खत्म नहीं हुआ, 10 नए गुट उससे जन्मे हैं

9/11 आतंकी हमले की 20वीं बरसी पर एक बार फिर से खूंखार आतंकवादी संगठन का प्रमुख अल जवाहिरी का जिन्न बाहर निकल आया है। अलकायदा प्रमुख अल जवाहिरी की मौत हो गई या वह अब भी जिंदा है, यह रहस्य ही बना हुआ है, मगर कई अटकलों के बीच एक नए वीडियो में आतंकी अल जवाहिरी को देखा गया। 9/11 आतंकी हमले की बरसी पर अलकायदा प्रमुख जवाहिरी का एक नया वीडियो जारी किया गया, जिसमें उसे कई मसलों पर बोलते हुए देखा गया। आतंकी समूहों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने वाले इंटेलिजेंस ग्रुप एसआईटीई ने बताया कि अलकायदा द्वारा जारी एक वीडियो में आतंकी अल जवाहिरी ने यरुशलम के यहूदीकरण सहित कई विषयों पर बात की। जवाहिरी को दिसम्बर 2020 में मरा मान लिया गया था। वीडियो में वह सीरिया में एक रूसी सैन्य अड्डे पर एक जनवरी 2021 के आतंकी हमले का जिक्र कर रहा है। मिस्री मूल के जवाहिरी ने अलकायदा का पद उस समय ग्रहण किया, जब अमेरिका ने 2011 में पाकिस्तान के एबटाबाद में ओसामा बिन लादेन का खात्मा किया था। अब तक जवाहिरी की मौत दिसम्बर 2020 में बीमारी की वजह से होने की बात कही गई थी। हालांकि खुफिया एजेंसियां इसका साक्ष्य नहीं दे पाई थीं। अब अमेरिका खुफिया साइट ने एक वीडियो जारी कर कहा कि वीडियो में जवाहिरी कई मुद्दों पर जनसमूह को संबोधित करता दिख रहा है। साइट की निदेशक रीटा काट्स ने कहा कि 60 मिनट का यह वीडियो एक साक्ष्य हो सकता है। रीटा काट्स ने कहा कि वीडियो फिर साबित कर रहा है कि अफगानिस्तान में तालिबानियों की जीत अलकायदा की ही जीत है। तालिबान अंतर्राष्ट्रीय आतंकियों के लिए महत्वपूर्ण स्थान रखता है। भले ही पश्चिमी देशों को दोस्ताना चेहरा दिखा रहा है, उसका असली चेहरा आतंकियों के मददगार का है। अलकायदा का तो उसका करीबी नाता है। काट्स के अनुसार अगर जवाहिरी एक जनवरी 2021 की घटना का उल्लेख कर रहा है तो इसका मतलब निकल सकता है कि कम से कम जनवरी 2012 तक वह जीवित था। हालांकि उसके बाद भी उसकी मौत हुई हो, हो सकता है। लेकिन अब तक प्रमाण सामने नहीं आए हैं। 9/11 हमले के बाद अमेरिका ने दुनिया से अलकायदा को खत्म करने का ऐलान किया। अफगानिस्तान के साथ पाकिस्तान, यमन, सीरिया, इराक, लीबिया, मिस्र में भी आतंक पर उसने वार किया। सभी लड़ाई में 585 लाख करोड़ रुपए खर्च हो गए। करीब 9.29 लाख लोग मारे गए। इनमें 84 हजार आतंकी शामिल थे। अमेरिकी कार्रवाई से खत्म होने की बजाय अलकायदा से टूटकर 10 से ज्यादा नए आतंकी संगठन खड़े हो गए हैं। यह आईएसआईएस व बोकोहरम नाम से इराक से लेकर नाइजीरिया तक 17 देशों में फैल गए। इसमें जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा, हक्कानी समेत 35 गुट जुड़े हुए हैं। 20 साल में इन गुटों ने दुनिया में 34 हजार हमले किए, जिनमें 70 हजार लोग मारे गए।

No comments:

Post a Comment