Translater
Thursday, 14 October 2021
राम रहीम डेरे के पूर्व प्रबंधक की हत्या में दोषी करार
रोहतक की सुनारिया जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम सिंह को डेरे के पूर्व प्रबंधक रणजीत सिंह हत्याकांड में दोषी करार दिया है। पंचकुला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने शुक्रवार को 19 साल पुराने इस मामले में पांच लोगों को दोषी पाया। सजा पर फैसला जल्द को सुनाया जाएगा। राम रहीम सिंह दो अनुयायियों के साथ बलात्कार मामले में 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद से जेल में बंद हैं। सीबीआई के विशेष अभियोजक एचपीसी वर्मा ने फोन पर बताया कि विशेष अदालत ने गुरमीत राम रहीम सिंह और चार अन्य किशन लाल, जसबीर सिंह, अवतार सिंह और सबदिल को हत्या का दोषी बताया। हाल में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने रणजीत सिंह हत्याकांड मामले में पंचकुला में विशेष सीबीआई अदालत से किसी अन्य विशेष सीबीआई अदालत में स्थानांतरित करने का अनुरोध खारिज कर दिया। पूर्व डेरा प्रबंधक रणजीत सिंह की 2002 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एक अज्ञात पत्र प्रसारित करने में संदिग्ध भूमिका के चलते उसकी हत्या की गई थी। इस पत्र में बताया गया था कि डेरा प्रमुख मुख्यालय में किस प्रकार महिलाओं का शोषण करता है। सीबीआई के आरोप पत्र के अनुसार डेरा प्रमुख का मानना था कि इस अज्ञात पत्र को प्रसारित करने में रणजीत सिंह का हाथ था और उसने उसकी हत्या की साजिश रची। विशेष अदालत ने जैसे ही गुरमीत राम रहीम को दोषी ठहराया वह परेशान हो गया। वह काफी समय तक जज की ओर हाथ जोड़कर खड़ा रहा और फिर फूट-फूटकर रेने लगा।
-अनिल नरेन्द्र
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment